रायपुर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में अब तक दो करोड़ 65 लाख लोगों का आधार पंजीयन किया जा चुका है। इनमें से दो करोड़ 45 लाख लोगों को आधार कार्ड जारी हो चुका है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने यहां बताया कि सभी सरकारी योजनाओं को आधार नंबर और सूचना प्रौद्योगिकी की तकनीकों से जोड़कर केवल पात्र व्यक्ति तक सरकारी सुविधा पहुंचा सकते हैं। इसके लिए प्रदेश के सभी व्यक्तियों के पास आधार नंबर होना जरूरी है।
आधार पंजीयन के लिए नगरीय क्षेत्रों और विकासखंड मुख्यालयों में स्थायी केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बीते वित्तीय वर्ष 2015-16 में आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों और स्कूलों में अध्ययनरत सत्रह वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए विशेष अभियान चलाकर 92 लाख बच्चों का आधार पंजीयन किया गया।
राज्य में प्रतिदिन औसतन तीन हजार से पांच हजार लोगों का आधार पंजीयन हो रहा है। इस वर्ष मई तक राज्य के सभी लोगों को आधार कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
dharmpath.com dharmpath