छात्रों की शिकायत पर 3 शिक्षक बर्खास्त

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने यहां एक सरकारी स्कूल के छात्रों की शिकायत पर शनिवार को 3 शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया और तीन अन्य को निलंबित कर दिया।

दिल्ली सरकार के एक बयान के मुताबिक, सिसोदिया ने लाजपत नगर के शहीद हेमु कलानी सर्वोदय बाल विद्यालय का औचक दौरा किया था। उसी दौरान स्कूल की नौंवी और 12वीं कक्षाओं के छात्रों ने उनसे स्कूल के कर्मचारियों की शिकायत की थी।

शिक्षा मंत्री ने उसके बाद शिक्षकों और प्रधानाध्यापक को कमरे से बाहर जाने को कहा ताकि छात्र खुलकर अपनी बात कह सकें।

बयान के मुताबिक, “छात्रों ने अपने अनुभव बताए और दो शिक्षकों की शिकायत की जो छात्रों को शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते थे।”

छात्रों ने यह भी कहा कि भौतिकी में जो भी पढ़ाया जाता है, वह उन्हें समझ नहीं आता क्योंकि स्कूल में प्रैक्टिकल कक्षाएं नहीं होतीं।

बयान के मुताबिक, “सरकार ने एक टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) विज्ञान, एक टीजीटी सामाजिक विज्ञान और एक पीजीटी (प्रशिक्षित स्नातकोत्तर शिक्षक) भौतिकी के शिक्षक को बर्खास्त कर दिया है। इनके अलावा हिंदी के एक शिक्षक, लेखा के एक व्याख्याता और स्कूल के उप प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया।”

सिसोदिया ने प्रधानाध्यापक और शिक्षकों को छात्रों के साथ स्नेह और संवेदनशीलता से व्यवहार करने का निर्देश भी दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493