छिंदवाड़ा, 7 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में महाशिवरात्रि के मौके पर सोमवार को एक गुफा में स्थित शिवलिंग के दर्शन को उमड़े श्रद्धालुओं पर एक चट्टान टूट कर गिर पड़ी। इस हादसे में कई श्रद्धालु दब गए, जिनमें से दो की मौत हो गई है। राहत व बचाव कार्य जारी है।
पुलिस के अनुसार, हर्रई थाना क्षेत्र के पहाड़ पर हर्रई जागीर शिवमंदिर गुफा के भीतर स्थित है। शिवरात्रि के कारण सोमवार को यहां दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे, तभी चट्टान का एक टुकड़ा अचानक टूटकर गिर गया।
जब यह हादसा हुआ तब गुफा के भीतर और बाहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। चट्टान के गिरने पर उसके मलबे में कई लोग दब गए, उन्हें निकालने के लिए राहत व बचाव कार्य जारी है।
पुलिस अधीक्षक जी.के. पाठक ने आईएएनएस को बताया कि इस हादसे में दो महिलाओं- डॉली पांडे व निकिता पांडे की मौत हो गई है, वहीं एक अन्य व्यक्ति अभी भी मलबे में दबा है, जिसे निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है।
dharmpath.com dharmpath