‘छोटे जुमलेबाज’ के राज में महिलाएं असुरक्षित : मप्र कांग्रेस

भोपाल, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में बेटी से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने वाले नर्मदा साहू की जिंदा जलाकर हत्या किए जाने पर कांग्रेस ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ‘छोटा जुमलेबाज’ बाते हुए कहा कि उनके राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।

विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने एक बयान जारी कर दमोह के हटा थाना क्षेत्र की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ‘राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, नर्मदा साहू ने अपनी बेटी की सुरक्षा के लिए पुलिस में रिपोर्ट लिखाई, तो उसे ही जिंदा जलाकर मार दिया गया।

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने दबाव में ढाई माह तक आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं की और अब पुलिस इसे छेड़छाड़ नहीं, आपसी रंजिश का मामला बता रही है। यह घटना ‘शिवराज सरकार पर अपराधियों का तमाचा’ है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार के मामले में बदनाम मध्य प्रदेश के चेहरे पर हटा की घटना एक कलंक है। मामा-राज में भांजियां सुरक्षित नहीं हैं, पुलिस में भी कोई सुनवाई नहीं।

सिंह ने कहा कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। ऐसे हालात के लिए सुरक्षा बल की कमी बताने वाले गृहमंत्री को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि वे प्रदेश के नागरिकों को सुरक्षा देने में तो असफल हैं ही, बल्कि उनके राज में अपराधियों के बैखौफ इरादों से प्रदेश में पुलिस भी असुरक्षित है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493