जद (यू) नेता ने राजद, कांग्रेस के मंत्रियों पर काम न करने के आरोप लगाए

पटना, 29 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में महागठबंधन की सरकार भले ही चल रही है, परंतु हाल के दिनों में महागठबंधन में शामिल दलों के नेता किसी न किसी मुद्दे को लेकर आमने-सामने आते रहे हैं। इस कड़ी में जनता दल (युनाइटेड) के वरिष्ठ नेता अजय आलोक के एक ट्वीट ने महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के मंत्रियों को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

अजय आलोक ने मंगलवार को एक ट्वीट में कहा, “182 परियोजनाओं पर एक पैसा भी खर्च नहीं हुआ और 11 हजार करोड़ रुपये बिना उपयोग के ‘लैप्स’ हो गया।”

उन्होंने राजद और कांग्रेस पर तंज कसते हुए आगे लिखा, “इनमें अधिकांश विभाग कांग्रेस और राजद के पास हैं, परंतु जिम्मेदारी हमारी है।”

इस बयान पर राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बुधवार को कहा, “अजय आलोक के बयानों का कोई मतलब नहीं है। उनके बयानों को जद (यू) में ही कोई तरजीह नहीं देता। वह किसी दूसरे ‘घर’ की तलाश में हैं। यही कारण है कि वह बेतुके बयान दे रहे हैं।”

इस बीच जद (यू) के वरिष्ठ नेता क़े सी़ त्यागी ने कहा, “यह ट्वीट उनका निजी है, इसका पार्टी और सरकार से कोई सरोकार नहीं है। महागठबंधन मजबूत है।”

जद (यू) के एक नेता ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर कहा कि पार्टी इस बयान को लेकर अजय आलोक पर कारवाई कर सकती है।

गौरतलब है कि इसके पूर्व भी राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह कई मुद्दों को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। जद (यू) रघुवंश को पार्टी से निकालने तक की मांग राजद से कर चुका है।

उल्लेखनीय है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार चल रही है, जिसमें कांग्रेस, राजद और जद (यू) शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493