भोपाल, 14 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा जगह-जगह खाट पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने चुटकी लेते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की खटिया खड़ी कर दी है।
मध्यप्रदेश की राजधानी में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए मिश्र ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के कुशासन से परेशान है, कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाएगी।
उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव में राममंदिर का मुद्दा बनाए जाने के सवाल पर मिश्र ने कहा कि वहां भाजपा विकास, सामाजिक समरसता और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी।
पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा अच्छे दिनों के नारे को गले की हड्डी बनने के सवाल पर मिश्र ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। साथ ही कहा कि सकारात्मक माहौल धीरे-धीरे बनता है, अच्छे दिन आने की प्रक्रिया जारी है।
dharmpath.com dharmpath