जबलपुर, 7 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की पुलिस ने मादक पदार्थो के एक तस्कर को 620 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद की गई स्मैक की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 62 लाख रुपये बताई गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) आशीष खरे ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर बुधवार को ओमती थाना क्षेत्र में घोड़ा अस्पताल के पास एक व्यक्ति को पकड़ा गया और उसके पास से 620 ग्राम स्मैक बरामद की गई। आरोपी की पहचान घमापुर निवासी अज्जू उर्फ अजय चौधरी के तौर पर हुई।
बताया गया है कि इससे पहले अज्जू उर्फ अजय चौधरी को छह बार थाना घमापुर, खमरिया, सिविल लाइन, ग्वारीघाट, ओमती में स्मैक के साथ रंगे हाथ पकड़ा जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने स्मैक सहित आरोपी को पकड़ने वाली टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
dharmpath.com dharmpath