जम्मू-कश्मीर, 24 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं श्रीनगर दोनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच अंतर कम होने के कारण बुधवार को शीतलहर का प्रकोप और तेज हो गया।
रियासी जिले में स्थित त्रिकुटा की पहाड़ियों में मंगलवार को इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। त्रिकुटा पर्वत पर माता वैष्णो देवी का मंदिर है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “जब न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच अंतर कम होता है तो ठिठुरन बढ़ जाती है। जम्मू में मंगलवार को अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि बुधवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह श्रीनगर में भी मंगलवार को अधिकतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस और बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।”
पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.9 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
कारगिल राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 20 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। लेह में तापमान शून्य से 8.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
कटरा में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री, बोटोट में 0.4 डिग्री, भदरवाह में 0.4 डिग्री, ऊधमपुर में 3.8 डिग्री और बनिहाल में शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath