श्रीनगर, 17 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के चरारे शरीफ शहर में जनवरी माह में एक पुलिसकर्मी की हत्या कर उसका हथियार छीनने के मामले में पुलिस ने बड़गाम जिले में शानिवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने कहा कि आतंकियों के एक समूह ने 25 जनवरी को राज्य की सशस्त्र पुलिस की 13वीं बटालियन के सिपाही कुल्तार सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसकी राइफल छीन ली थी। बाद में इलाज के दौरान वह शहीद हो गए थे। वह चरार-ए-शरीफ तीर्थस्थल पर तैनात थे।
पुलिस बयान के मुताबिक, जांच में खुलासा हुआ कि पुलवामा जिले का निवासी उमर फारुख ने अपने पांच साथियों शाहिद अहमद, शाहिद खुर्शीद, इमरान फिरोज, मुदासिर अहमद वानी और तौहिद राठेर ने तीर्थस्थल के बाहर तैनात पुलिस रक्षक से हथियार छीनने की आपराधिक साजिश रची थी। अहमद, खुर्शीद, फिरोज पुलवामा के रहने वाले हैं जबकि वानी और राठेर पंपोर के रहने वाले हैं।
बयान में कहा गया कि पांचों ने हमले से पहले इलाके और कर्मी के तैनाती की रेकी की थी।
बयान में कहा गया, “जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सबूतों के साथ-साथ किराए पर लिए वाहन को भी जब्त कर लिया है। जांच में यह भी पाया गया है कि सभी अपराधियों के इस साजिश में शामिल होने और अपराध को अंजाम देने के सबूत मिले हैं। शाहिद अहमद को छोड़ सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।”
बयान में कहा गया, “जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि शाहिद अहमद जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन में शामिल हो गया है।”
dharmpath.com dharmpath