जम्मू श्रीनगर, 1 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में ठंड बढ़ गई है। पूरे राज्य में सोमवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
श्रीनगर में सोमवार को मौसम सर्द रहा और बदली छाई रही। जम्मू में सोमवार सुबह लगातार दूसरे दिन भी धुंध रही, जिससे दृश्यता में गिरावट दर्ज की गई।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “श्रीनगर में आंशिक रूप से बदली रहेगी। दोपहर होते-होते आंशिक रूप से धूप निकल आएगी।”
मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
पहलगाम में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
राज्य में लद्दाख क्षेत्र का लेह कस्बा सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 13.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं पास के कस्बे करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 13.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, “जम्मू में आज (सोमवार) न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल यहां न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।”
जम्मू क्षेत्र के बनिहाल में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री, बटोत में 2.7 डिग्री, उधमपुर में 5.1 डिग्री, कठुआ में 8.4 डिग्री और कटरा में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, भदरवाह में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
श्रीनगर और जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान क्रमश: नौ व 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath