श्रीनगर, 4 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के मैदानी इलाकों में बारिश एवं पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी ने सोमवार को राज्य को शीतलहर से राहत दिलाई। राज्य में रात्रि तापमान में सुधार आया है।
यहां स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि 21 दिसंबर को 40 दिनों की कड़ाके की सर्दी वाली अवधि ‘चिल्लई कलां’ शुरू होने के बाद श्रीनगर में सोमवार को पहली बार न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर आया।
अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पहलगाम में शून्य से 0.4 डिग्री व गुलमर्ग में शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारी ने कहा, “लद्दाख क्षेत्र के लेह कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.8 डिग्री, करगिल कस्बे में शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।”
जम्मू क्षेत्र के जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री, कटरा कस्बे में स्थित माता वैष्णो देवी आधार शिविर में 11.6 डिग्री, बटोत में 6.8 डिग्री, बनिहाल में 5.6 डिग्री, भदरवाह में पांच डिग्री और उधमपुर कस्बे में 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारी ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान मैदानी भागों में हल्की बारिश व पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं।
dharmpath.com dharmpath