अगरतला/आइजोल/सिलचर, 4 जनवरी (आईएएनएस)। मणिपुर सहित अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में सोमवार तड़के करीब 4.30 बजे (स्थानीय समयानुसार) रिक्टर पैमाने पर 6.7 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए।
यहां इस भूकंप से असम के दक्षिण क्षेत्र में चार लोग घायल हो गए, लेकिन त्रिपुरा और मिजोरम में किसी के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
जिला अधिकारियों ने कहा कि दक्षिणी असम में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए, जिसमें दो लोग हैलाकंडी जिले में और अन्य दो लोग कछार जिले में घायल हुए।
अधिकारी ने कहा, “कछार और करीमगंज जिले के कम से कम पांच स्थानों पर बहुमंजिला इमारतें ढह गईं, जिससे आठ छोटे वाहनों को क्षति पहुंची है।”
अपुष्ट रिपोर्टों के मुताबिक, आपदा प्रबंधन के समन्वयक सरत दास ने आईएएनएस को बताया कि मणिपुर में भूकंप से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक घायल हो गए।
भूकंप में मरने वाले सात लोगों में से पांच तामेंगलांग जिले के हैं। दास ने कहा कि हमारी अधिकारियों से बात नहीं हो पा रही है, क्योंकि वह स्थिति को नियंत्रित करने में व्यस्त हैं।
दास ने अगरतला में आईएएनएस को बताया, “भूकंप प्रभावित मणिपुर में फोन और संपर्क प्रक्रिया नष्ट हो गई है। इसके कारण जान-माल की हानि से संबंधित जानकारी पाने में काफी समस्या हो रही है।”
दास ने कहा कि त्रिपुरा और मिजोरम में कुछ घरों की दीवारों पर दरारें पड़ गई हैं, लेकिन जान-माल की कोई हानि नहीं हुई है।
पूर्वोत्तर भारत और पड़ोसी देश म्यांमार, बांग्लादेश व भूटान में सोमवार तड़के 4.35 बजे भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र मणिपुर के तमेंगलांग जिले में था।
dharmpath.com dharmpath