जम्मू एवं कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ा

श्रीनगर, 29 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में मंगलवार को शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया। वहीं, मौसम विभाग ने बुधवार शाम को फिर बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया है।

घाटी में 21 दिसंबर से शुरू हुई 40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि चिल्लई कलां बुधवार को खत्म होगी और इस दिन शाम को घाटी के मैदानी और ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी की संभावना है।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं, पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 13.7 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में 12.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

लद्दाख में द्रास का न्यूनतम तापमान शून्य से 30.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान शून्य से 13.7 डिग्री नीचे था। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 17.4 डिग्री नीचे और कारगिल में शून्य से 22.5 डिग्री नीचे रहा।

जम्मू शहर में तापमान 4.1 डिग्री, कटरा में 4.2 डिग्री, बटोटे में शून्य से 1.8 डिग्री नीचे, बनिहाल में 0.6 डिग्री और भदरवाह में शून्य से 5.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493