जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित (लीड-1)

श्रीनगर, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में सोमवार को विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर बाढ़ पीड़ितों को राहत मुहैया न कराने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे में सदन का एक मार्शल चोटिल हो गया।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दल नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) और कांग्रेस के विधायक अपनी सीटों पर खड़े होकर सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सितंबर 2015 में आई बाढ़ से प्रभावित हुए परिवारों को राहत पहुंचाने में नाकाम रही है।

कांग्रेस विधायक नारे लिखे बैनर लिए हुए थे, जिन पर लिखा था, “बाढ़ पीड़ितों का शोषण मत करो।”

देखते ही देखते प्रदर्शनकारी विधायक अध्यक्ष कविंदर गुप्ता की आसंदी के करीब पहुंच गए और सदन के सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गए। कुछ विधायकों ने विरोध स्वरूप अध्यक्ष की आसंदी की ओर कागज भी फेंके।

हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 15 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी।

सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर प्रदर्शनकारी विधायक फिर अपनी सीट छोड़ सदन के बीचोंबीच आ गए। इस दौरान उनकी सदन के सुरक्षाकर्मियों से हाथापाई भी हुई, जिसमें एक मार्शल घायल हो गया। इसे देखते हुए अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493