श्रीनगर, 2 जनवरी – जम्मू एवं कश्मीर के लेह कस्बे में गुरुवार रात इस मौसम की सबसे सर्द रात रही। लेह में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 17 डिग्री नीचे पहुंच गया, जबकि घाटी में रात का तापमान हिमांक बिंदु से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया, “लेह में गुरुवार रात सबसे अधिक सर्द रही। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से गिरकर 17.1 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। करगिल कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।”
मौसम अधिकारी ने बताया, “श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे, पहलगाम में शून्य से 7.6 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जम्मू में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।”
अधिकारी ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान पूरे जम्मू एवं कश्मीर में मौसम सर्द व शुष्क बना रहेगा। राज्य के कुछ हिस्सों में रविवार को हल्की बारिश या बर्फबारी होने के आसार हैं।
dharmpath.com dharmpath