जम्मू, 20 जनवरी (आईएएनएस)। सरकारी मेडिकल कॉलेज में एक चिकित्सक ने कथित तौर पर यहां एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की, जिसके खिलाफ शुक्रवार को विधानसभा में काफी हंगामा हुआ।
सदन में विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच सरकार ने कहा कि आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर सेवा से निलंबित कर दिया गया है।
विपक्षी विधायक विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता के आसन के पास जमा हो गए और जम्मू में सरकारी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सदन से बहिर्गमन कर गए।
स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री आसिया नकाश ने सदन में कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हिरासत में उससे पूछताछ की जा रही है।
विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच सड़क एवं भवन मंत्री अब्दुल रहमान वीरी ने कहा कि इस मामले में कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
वीरी ने कहा, “यह बहुत गंभीर मुद्दा है। हमने चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, और उसे निलंबित कर दिया गया है।”
dharmpath.com dharmpath