जम्मू : पाकिस्तान की गोलाबारी में 1 की मौत, 4 घायल (लीड-1)

जम्मू, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में सोमवार को नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए।

जम्मू में एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “पाकिस्तान सेना की ओर से नियंत्रण रेखा के पास की गई अंधाधुंध गोलाबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।”

अधिकारियों ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले में संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए 120 एमएम वाले मोर्टार से गोलाबारी की। हालांकि उन्होंने गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि नहीं की।

रपटों के मुताबिक, क्षेत्र में भारत एवं पाकिस्तान की सेना के बीच भारी गोलाबारी एवं गोलीबारी अब भी जारी है।

पाकिस्तान ने रविवार रात 82 एमएम वाले मोर्टार, आरपीजी और स्वचालित हथियारों का प्रयोग करते हुए भारतीय चौकियों को निशाना बनाया था।

कर्नल मेहता ने कहा, “पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी रविवार रात 11 बजे शुरू हुई थी।”

उन्होंने बताया, “हमारे सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी गोलाबारी का उचित जवाब दिया। सोमवार सुबह तक दोनों तरफ से गोलीबारी जारी रही।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493