जम्मू, 23 नवंबर (आईएएनएस)। माता वैष्णो के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक हेलीकॉप्टर सोमवार को रियासी जिले के कटरा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट सहित उसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि हिमालयन हेली सर्विसेज का एक हेलीकॉप्टर तीर्थयात्रियों को लेकर रवाना हुआ था, जो दोपहर 12.55 बजे यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हिमालयन हेली सर्विसेज के हेलीकॉप्टर ने वैष्णो देवी मंदिर के करीब स्थित सांझीछत हेलीपैड से उड़ान भरी थी। इसे कटरा बस स्टैंड हेलीपैड पर उतरना था। लेकिन यह पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।”
उन्होंने कहा, “हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी सातों लोगों की मौत हो गई।”
हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान पायलट सुनीता विजयन पायलट और छह श्रद्धालु- अर्जुन सिंह, महेश्वर, वंदना, अक्षिता, अमृतपाल सिंह और सचिन के रूप में हुई है।
हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होते ही आग की लपटों से घिर गया।
जिला मजिस्ट्रेट और जिला पुलिस प्रमुख सहित वरिष्ठ पुलिस एवं नागरिक प्रशासन अधिकारी हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए।
dharmpath.com dharmpath