जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का दूसरा जत्था रवाना

जम्मू, 3 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का दूसरा जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए शुक्रवार को यहां से रवाना हुआ। इसमें करीब 3,000 श्रद्धालु हैं, जो दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित हिमालय की पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे।

जम्मू जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “भगवती नगर यात्रा निवास से 2,887 अमरनाथ यात्रियों का दूसरा जत्था घाटी के लिए रवाना हुआ।”

करीब दो माह तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु समुद्र तल से लगभग 14,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा तक पहुंचने के लिए लंबी चढ़ाई करते हैं। इस बार यह यात्रा 29 अगस्त को समाप्त होगी, जब श्रावण की पूर्णिमा और रक्षा बंधन दोनों है।

अमरनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत गुरुवार को हुई, जब उत्तरी कश्मीर के बालटाल और दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में बनाए गए दो आधार शिविरों से 8,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शिवलिंग के दर्शन किए।

जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल एन. एन. वोहरा तथा केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गुरुवार को बाबा बर्फानी के दर्शन किए और देश की समृद्धि के लिए कामना की। उन्होंने पारंपरिक ‘प्रथम पूजा’ के जरिये इस वार्षिक यात्रा की औपचारिक शुरुआत की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493