जम्मू, 21 जुलाई (आईएएनएस)। अमरनाथ यात्रा के लिए 1,500 तीर्थयात्रियों का एक अन्य जत्था गुरुवार को जम्मू से कश्मीर के लिए रवाना हुआ। अब तक 1,87,903 श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “लगभग 1,500 तीर्थयात्रियों का एक अन्य जत्था आज (गुरुवार) को भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुआ।”
श्री अमरनाथजी श्रायन बोर्ड (एसएएसबी) कार्यालय के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बुधवार को 5,135 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए।
उन्होंने बताया कि बुधवार को पहलगाम में पारंपरिक पूजा की गई। इस पूजा के बाद अमरनाथ यात्रा के लिए ‘छड़ी मुबारक’ को चंदनवाड़ी, पिस्सू टॉप, शेषनाग और पंचतरणी से होते हुए पवित्र गुफा तक पहुंचाया जाएगा।
इस तीर्थयात्रा के दौरान प्राकृतिक कारणों से अब तक 12 श्रद्धालुओं की जान जाने की सूचना है। 48 दिवसीय यह तीर्थयात्रा 17 अगस्त को समाप्त होगी।
इस साल अब तक 1,87,903 श्रद्धालुओं ने यात्रा की है, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में काफी कम है। पिछले साल इसी अवधि में 2,65,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी।
dharmpath.com dharmpath