चेन्नई, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता चाहती हैं अगले महीने पोंगल पर्व के दौरान जल्लीकट्टू या बुल फाइटिंग का खेल कराया जा सके, इसके लिए एक अध्यादेश लाया जाए।
जयललिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंगलवार को संपर्क के दौरान यह अपील करते हुए कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो कानून बनाने के लिए संसद के सत्र को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री को लिखे इस पत्र को बुधवार को मीडिया में जारी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “तमिलनाडु के लोगों की तरफ से मैं आपसे अध्यादेश को शीघ्र लाने का अनुरोध करती हूं।”
जयललिता ने सर्वोच्च न्यायालय के मई 2014 की अधिसूचना की चर्चा करते हुए कहा, “सर्वोच्च न्यायालय ने फैसला दिया है कि जल्लीकट्टू पर्व में सांड का इस्तेमाल परफॉर्मिग जानवर की तरह नहीं किया जा सकता।”
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष एक समीक्षा याचिका दायर की है, जो लंबित है।
जयललिता ने कहा कि तमिलनाडु के लोग जल्लीकट्टू समारोह में गहरी आस्था रखते हैं और उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath