जलवायु परिवर्तन से निपटने में अफ्रीकी देशों का सहयोग जरूरी : मोदी

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन को संबोधित करने के दौरान अफ्रीका के साथ जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अफ्रीकी देशों के सहयोग का आह्वान किया।

मोदी ने कहा कि भारत और अफ्रीका दोनों ही अपने लोगों के जीवन को उज्‍जवल बनाने और उनके भविष्य को सुरक्षित रखना चाहते हैं। इसे इस तरीके से किया जाना चाहिए कि किलिमंजारो पर बर्फ गायब नहीं हो।

मोदी ने कहा, “भारतीयों और अफ्रीकावासियों की तरह कोई और जलवायु परिवर्तन को लेकर इतना सचेत नहीं हो सकता।”

उन्होंने कहा, “हम में से प्रत्येक राष्ट्र अपने संसाधनों के साथ जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए भरसक प्रयास कर रहे हैं। भारत के लिए 2022 तक 175 गीगावाट की अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और 2030 तक 33-35 प्रतिशत तक उत्सर्जन में कटौती हमारे प्रयासों के सिर्फ दो पहलू ही हैं।”

“लेकिन यह भी सच है कि इसमें से कुछ में अधिकता होने से सब पर बोझ नहीं पड़ेगा। इसलिए जब दिसंबर में दुनियाभर के देश पेरिस में जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में इकट्ठा होंगे तो हमें इससे निपटने के लिए व्यापक एवं सटीक नतीजे निकालने होंगे, जो जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में स्थापित सिद्धांतों पर आधारित हो।”

मोदी ने कहा कि भारत इसके लिए प्रयास करेगा, लेकिन इसके साथ ही भारत को एक वैश्विक सार्वजनिक भागीदारी की भी जरूरत है, जो विकासशील देशों के लिए स्वच्छ ऊर्जा को किफायती बनाए, वित्त एवं प्रौद्योगिकी प्रदान करे।

उन्होंने अफ्रीकी देशों को सौर ऊर्जा से समृद्ध देशों के गठबंधन में शामिल होने का भी निमंत्रण दिया। भारत इस गठबंधन की 30 नवंबर को पेरिस में सीओपी-21 बैठक के समय पेशकश करेगा।

मोदी ने कहा, “हमारा लक्ष्य सौर ऊर्जा को जीवन का अभिन्न अंग बनाना है और इसकी सर्वाधिक पहुंच दूरदराज के गांवों और समुदायों तक बनाना है।”

उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अफ्रीका को वैश्विक व्यापार व्यवस्था की भी तलाश करनी चाहिए, जिससे हमारे विकास का लक्ष्य पूरा हो और व्यापारिक संभावनाओं में सुधार हो।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493