जविपा बिहार की 25 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी : अनिल कुमार

पटना, 26 मार्च (आईएएनएस)। जनतांत्रिक विकास पार्टी (जविपा) बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से 25 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी 29 मार्च को सभी सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।

जविपा के अध्यक्ष अनिल कुमार ने यहां मंगलवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि वर्तमान राजनीतिक परि²श्य को देखते हुए पार्टी बिना किसी दल के समर्थन के 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने दम पर बिहार की जनता को एक सशक्त विकल्प देगी।

अनिल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन पर टिकट की खरीद-बिक्री करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में जिस तरह से गठबंधन और महागठबंधन का टिकट बेचने का धंधा चल रहा है, वह निश्चित रूप से प्रजातंत्र के लिए उचित नहीं है।

उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव दोनों गठबंधनों के लिए पैसों का खेल बन कर रह गया है। यह बाबा साहब के संविधान के लिए भी खतरा पैदा करने वाला है। जविपा इसका पुरजोर विरोध करती है।”

कुमार ने लोगों से लोकतंत्र बचाने के लिए अपनी बात मजबूती से रखने की अपील करते हुए कहा कि आज जिस तरह से लोकतंत्र हारता नजर आ रहा है, वह देश के लिए सही नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज जो चुनाव लड़ने के लिए टिकट खरीद रहे हैं, वह जीतकर पहले निश्चित रूप से अपने टिकट का दाम निकालेंगे। उनका जनता और विकास कार्यों से कोई सरोकार नहीं होगा।

चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि गया लोकसभा क्षेत्र में पहले चरण के नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए अपराह्न् तीन बजे के बाद इच्छुक प्रत्याशियों को रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे में चुनाव आयोग की खामोशी बिहार में लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगाती है।

इस संवाददाता सम्मेलन में अनिल कुमार के साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार मंडल भी मौजूद रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493