मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। विवादास्पद धर्म प्रचारक जाकिर नाईक के गुरुवार को मुंबई में स्काइप के जरिए मीडिया से मुखातिब होने के कार्यक्रम को अप्रत्याशित रूप से आधी रात को स्थगित कर दिया गया।
इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) के प्रवक्ता ने बताया, “आईआरएप की टीम गुरुवार सुबह होने वाले इस संवाददाता सम्मेलन की अंतिम तैयारियों में व्यस्त थी, लेकिन आधी रात से पहले ही दक्षिण मुंबई के महफिल सभागार प्रशासन ने फोन कर परिसर खाली करने को कहा।”
उन्होंने बताया कि अंतिम क्षणों में कार्यक्रम स्थगित करने का कोई कारण नहीं बताया गया। टीम को गुरुवार तड़के ही परिसर खाली करना पड़ा।
गौरतलब है कि पिछले पांच दिनों में नाईक के मीडिया कार्यक्रम को लगातार तीसरी बार स्थगित किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि हालांकि, इस सम्मेलन के लिए अन्य स्थानों के विकल्प भी थे, जिसमें से कई विभिन्न कारणों से अनुपयुक्त थे। इसमें स्काइप के निर्बाध संचालन के लिए उचित इंटरनेट कनेक्शन का नहीं होना भी शामिल है।
फिलहाल, नाईक सऊदी अरब में हैं और स्थान पक्का हो जाने के बाद वह वहीं से वीडियो-कांफ्रेंसिंग के जरिये संवाददाता सम्मेलन करेंगे।
वह फिलहाल व्याख्यान के लिए सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और अफ्रीका के दौरे पर हैं और 15 दिनों बाद ही उनके देश लौटने की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath