कोलकाता, 7 मार्च (आईएएनएस)। जापान आत्मरक्षा बल (जेएसडीएफ) के संयुक्त दल के प्रमुख एडमिरल कात्सुतोशी कवानो ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान भारतीय सेना की पूर्वी कमांड के अधिकारियों से वार्ता की। बुधवार को कवानो के दौरे का अंतिम दिन था।
मंगलवार को जेएसडीएफ के पांच अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां आए एडमिरल कवानो ने पूर्वी कमांड मुख्यालय फोर्ट विलियम में पूर्वी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अभय कृष्ण से मुलाकात की।
दोनों शीर्ष अधिकारियों ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी और रक्षा क्षेत्र में व्यापक सहयोग पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने दक्षिण-पूर्वी एशिया में वर्तमान परिस्थितियों पर भी चर्चा की।
लेफ्टिनेंट जनरल कृष्णा ने भारत दौरे पर जेएसडीएफ के संयुक्त दल के किसी प्रमुख के तौर पर एडमिरल कवानो को एक स्मृति चिह्न भेंट किया।
साल 2017 में सितंबर में भारतीय रक्षा मंत्री की जापान यात्रा के दौरान तैयार की गई ‘भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ के तहत यह दौरा किया गया है।
एडमिरल कवानो ने इस दौरान फोर्ट विलियम में ऐतिहासिक पूर्वी कमांड संग्रहालय और पुस्तकालय का भी दौरा किया।
dharmpath.com dharmpath