टोक्यो, 26 नवंबर (आईएएनएस)। जापान की प्रमुख मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी ने गुरुवार को एक घोषणा में कहा कि उसने एक वाणिज्यिक परिसर में पहली बार 5जी डेटा ट्रांसमिशन का सफल परीक्षण किया है, जो साल 2020 में इसकी वाणिज्यिक तौर पर शुरुआत का एक हिस्सा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एनटीटी डोकोमो आईएनसी ने कहा कि उसने यह परीक्षण टोक्यो के रोपोंजी हिल्स हाईराइज कॉम्प्लेक्स में 13 अक्टूबर को नोकिया नेटवर्क्स के साथ मिलकर किया और अल्ट्रा हाई स्पीड (2जीबी प्रति सेकंड) डेटा ट्रांसमिशन की उपलब्धि हासिल की।
जापान की मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि परीक्षण के दौरान मिलीमीटर-वेवलेंथ सिग्नल को 70 जीगा हट्र्ज की अति उच्च आवृति के इस्तेमाल किया गया।
डोकोमो ने कहा, “आज की तारीख में किसी वाणिज्यिक परिसर जैसे शॉपिंग मॉल में बेस स्टेशंस की समस्याओं के कारण 5जी डेटा ट्रांसमिशन का परीक्षण नहीं किया जा सका है।”
डोकोमो ने 5जी सेवा प्रदान करने को लेकर इसके परीक्षण व विकास के लिए सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स, एरिक्सन, फुजित्सु तथा हुआवेई टेक्नोलॉजिस के साथ करार किया है। मई 2014 से ही वह इस परियोजना पर काम कर रहा है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, जापान में 6.8 करोड़ लोगों तक अपनी सेवाएं पहुंचा रहे डोकोमो की योजना साल 2020 तक 5जी नेटवर्क की शुरुआत करने की है।
dharmpath.com dharmpath