जायरा ने अपना माफीनामा हटाया (लीड-1)

श्रीनगर, 16 जनवरी (आईएएनएस)। अभिनेता आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ में अपने अभिनय से लोगों का दिल जीतने वाली जम्मू एवं कश्मीर निवासी जायरा वसीम ने सोशल मीडिया अकाउंट से अपना ‘माफीनामा’ हटा लिया है।

इस खुले पत्र में जायरा ने राज्य की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से मुलाकात करने के बाद सोमवार को लोगों (कश्मीरियों) से ‘अनजाने में उनकी भावनाओं को चोट पहुंचाने’ को लेकर सोशल मीडिया पर माफी मांगी थी।

फिल्म में बेहतरीन अभिनय के लिए प्रशंसा बटोरने वाली 16 वर्षीय अभिनेत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से मुलाकात की थी।

मुख्यमंत्री के साथ बैठक की तस्वीर वायरल होने के बाद श्रीनगर की रहने वाली जायरा को सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर ट्रोल किया। महबूबा ने जायरा से उनकी पढ़ाई और अन्य शौक के बारे में बातचीत की थी।

कश्मीरियों की भावनाओं को ‘आहत’ करने को लेकर उन्होंने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक माफीनामा पोस्ट किया।

माफी के कारणों का जिक्र किए बिना अभिनेत्री ने अपने ‘खुले माफीनामे’ में लिखा कि वह नहीं चाहती हैं कि कोई उनके कदमों पर चले या किसी भी रूप में उन्हें अपना आदर्श माने।

उन्होंने कहा, “मैं जो कुछ भी कर रही हूं, मुझे उस पर गर्व नहीं है और मैं सभी लोगों खासकर युवाओं से कहना चाहती हूं कि मौजूदा वक्त में और इतिहास में कई सच्चे रोल मॉडल हैं।”

मुख्यमंत्री से हालिया मुलाकात की वजह से माफी मांगने की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, “मैं जानती हूं कि मेरी हालिया गतिविधियों या जिनसे मैं मिली हूं, उसे लेकर कई लोग आहत हैं।”

उन्होंने लिखा, “मैं इसके पीछे की भावनाओं को समझती हूं, खासकर पिछले छह महीने के दौरान (घाटी में) जो हुआ, उसके परिप्रेक्ष्य में।”

लेकिन, जायरा की यह पोस्ट अब उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर मौजूद नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493