नई दिल्ली, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक को पारित करने में सरकार का साथ देना चाहिए। यही समय की मांग है।
वेंकैया ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, “जीएसटी विधेयक को पारित करना समय की मांग है। कांग्रेस ने वादा किया था कि पार्टी में अंदरूनी विचार-विमर्श के बाद वह इस पर साथ देगी। कांग्रेस को अब आगे आना चाहिए और जीएसटी पारित करने में सरकार का साथ देना चाहिए।”
उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले में संसद की कार्यवाही रोकने की कांग्रेस की नीति पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, “जब मामला अदालत में है तो फिर कांग्रेस इसे संसद के दोनों सदनों में क्यों उठा रही है?”
उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि संसद सुचारु रूप से चलेगी और लंबित पड़े कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर विपक्ष सहयोग करेगा।
dharmpath.com dharmpath