जूनियर हॉकी : पाकिस्तान को 6-2 से हरा भारत बना एशियन चैम्पियन

कुआनतान (मलेशिया), 22 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने हरमनप्रीत सिंह के चार गोलों की बदौलत रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को फाइनल मुकाबले में 6-2 से करारी मात देते हुए जूनियर एशिया कप खिताब जीत लिया।

भारतीय टीम ने अविजित रहते हुए जूनियर एशिया कप के आठवें संस्करण का खिताब अपने नाम किया।

विस्मा बेलिया हॉकी स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले हरमनप्रीत ने 10वें मिनट में ही भारत का खाता खोल दिया। हरमनप्रीत ने पेनाल्टी कॉर्नर पर यह गोल दागा।

पांच मिनट बाद ही हरमनप्रीत ने दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर भुनाते हुए भारत को 2-0 से बढ़त दिला दी।

इस बीच दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान के लिए मोहम्मद याकूब ने फील्ड गोल के जरिए 28वें मिनट में स्कोर 1-2 कर लिया।

लेकिन हरमनप्रीत जैसे तूफानी अंदाज में खेल रहे हों और मध्यांतर से ठीक पहले 30वें मिनट में गोल कर उन्होंने भारत को मध्यांतर तक 3-1 की बढ़त दिला दी।

मध्यांतर के बाद भी भारतीय टीम की तेजी वैसी ही बनी रही। अरमान कुरैशी ने 44वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत को 4-1 पर पहुंचा दिया।

तीसरे क्वार्टर तक तीन गोलों की बढ़त हासिल कर चुके भारत के लिए चौथे क्वार्टर में मनप्रीत ने 50वें मिनट में और हरमनप्रीत ने 53वें मिनट में अपना चौथा और भारत का छठा गोल कर दिया।

मैच के 68वें मिनट में मोहम्मद दिलबर ने पाकिस्तान के लिए दूसरा गोल किया, हालांकि यह गोल सिर्फ गोल अंतर कम करने वाला साबित हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493