नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र अनमोल रतन के खिलाफ मंगलवार को पूरक आरोप-पत्र दाखिल किया। रतन पर 28 साल की एक पीएचडी छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप है।
पुलिस ने फॉरेंसिक रपट सहित पूरक आरोप-पत्र अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देवेंद्र कुमार शर्मा के समक्ष दाखिल किया। मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी।
इस बीच अदालत ने शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया, जो अधूरा रहा। यह काम अब सुनवाई की अगली तारीख को पूरा किया जाएगा।
अदालत ने मामले की सुनवाई बंद कमरे में की।
जानकार सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित छात्रा अपने उस बयान पर कायम है, जो उसने प्राथमिकी और एक दंडाधिकारी के समक्ष कही थी।
अदालत ने आरोपी रतन के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने का आरोप 17 अक्टूबर को तय किया था।
रतन इस समय न्यायिक हिरासत में है। उसने 24 अगस्त को पुलिस के सामने समर्पण किया था।
रतन मांगी गई एक फिल्म की सीडी देने के बहाने लड़की के छात्रावास में गया और दर्द निवारक दवा मिला नशीला पदार्थ पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
रतन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) का कार्यकर्ता रहा है। दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद वामपंथी छात्र संगठन ने उसे निष्कासित कर दिया।
dharmpath.com dharmpath