नई दिल्ली-जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने सामाजिक विज्ञान संकाय के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में प्रोफेसर ए. बिमोल अकोइजम को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है. अकोइजम कांग्रेस के सांसद भी हैं और सदन में इनर मणिपुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति (आईसी) की जांच के निष्कर्षों के आधार पर यह फैसला लिया गया. समिति ने उन्हें ‘बड़ी सजा’ दिए जाने की सिफारिश की थी. प्रोफेसर के खिलाफ शिकायतें मिलने के करीब एक महीने बाद जांच शुरू की गई थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, बर्खास्तगी के आदेश पर जेएनयू की कुलपति शांतिश्री डी. पंडित के हस्ताक्षर हैं. आदेश में कहा गया है, ‘प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में आंतरिक समिति (आईसी) ने जांच की. जांच के निष्कर्षों के आधार पर समिति ने बड़ी सजा देने की सिफारिश की. इसके तहत प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम को विश्वविद्यालय की सेवा से बर्खास्त करने की सजा दी जाती है.’
dharmpath.com dharmpath