नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने गुरुवार को कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के विद्यार्थियों पर पुलिसिया कार्रवाई और दलित छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या की वजह बनी परिस्थितियां छिटपुट घटनाएं नहीं बल्कि देश को हिंदू राष्ट्र में बदलने की एक बड़ी परियोजना का हिस्सा हैं।
येचुरी ने यह बात राज्यसभा में विश्वविद्यालयों में मची उथल-पुथल पर चली चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा, “जेएनयू में जो हुआ, वह केवल एक विवि तक सीमित रहने वाला मामला नहीं है। आपने देखा पुणे, इलाहाबाद, जाधवपुर और अलग-अलग जगहों पर क्या हुआ।”
उन्होंने इन सभी मामलों की जांच के लिए एक गृह या सदन समिति बनाने की मांग की।
येचुरी ने कहा, “आपको आमतौर पर शिक्षा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक कोशिश दिखेगी, जिसे मैं भारतीय इतिहास की जगह पौराणिक कथाओं और समृद्ध दर्शनशास्त्र की जगह हिंदू धर्मशास्त्र को स्थान देने की कोशिश के रूप में बयां करूंगा। यह चल रही एक बहुत बड़ी परियोजना है।”
उन्होंने कहा, “इस परियोजना पर सरकार की नजर-ए-इनायत है। भारत के धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य को एक हिंदू राष्ट्र में बदलने की परियोजना है। यह भारतीय संविधान पर एक हमला है।”
dharmpath.com dharmpath