नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली और उनके मंत्रालय के अधिकारियों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी के तीखे बयानों के बीच वित्तमंत्री अपना चीन दौरा एक दिन पहले ही खत्म कर रविवार रात दिल्ली लौट आए।
वित्त मंत्रालय के प्रवक्ता ने हालांकि आईएएनएस से कहा कि सभी जरूरी बैठकें पूरी हो जाने के कारण जेटली आधिकारिक दौरा बीच में खत्म कर वापस आ गए।
प्रवक्ता ने कहा, “चीन के वित्तमंत्री लू जीवे के साथ उनकी मुलाकात दोनों मंत्रियों की सुविधा को देखते हुए एक दिन पहले शनिवार (25 जून) को कर दी गई। उनकी सभी बैठकें पूरी हो गईं, इसलिए वह जल्द लौट आए।”
दौरे को बीच में समाप्त करने को हालांकि स्वामी द्वारा लगातार जेटली, मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मण्यम और वित्त सचिव शक्तिकांत दास के विरुद्ध की गई तीखी बयानबाजी के परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है।
कथित तौर पर जेटली ने पार्टी से मांग की है कि स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए और वह इस मामले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष उठा सकते हैं।
पिछले दिनों स्वामी ने बिना जेटली का उल्लेख किए एक ट्वीट में लिखा था, “लोग बिना मांगे मुझे अनुशासन की सलाह दे रहे हैं और यह नहीं समझ रहे हैं कि यदि मैं अनुशासन का सम्मान नहीं करूं, तो खून-खराबा हो जाएगा।”
इससे पहले स्वामी द्वारा मुख्य आर्थिक सलाहकार को बर्खास्त करने की मांग करने पर जेटली ने सार्वजनिक तौर पर स्वामी की भर्त्सना की थी।
स्वामी ने वित्त सचिव को भी निशाना बनाया था और जेटली ने उनका भी बचाव किया था।
dharmpath.com dharmpath