हैदराबाद, 24 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने रविवार को सिंबाइऑसिस अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय (एसआईयू) के हैदराबाद परिसर का उद्घाटन किया।
हैदराबाद, 24 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने रविवार को सिंबाइऑसिस अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय (एसआईयू) के हैदराबाद परिसर का उद्घाटन किया।
40 एकड़ क्षेत्र में विस्तृत यह परिसर महबूबनगर जिले के मामिदपल्ली गांव में स्थित है, और यह एसआईयू का चौथा परिसर है। एसआईयू का मुख्यालय पुणे में है। इसके अतिरिक्त नासिक, नोएडा और बेंगलुरू में विश्वविद्यालय का पहले से परिसर है।
छह लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैले इस परिसर में अकादमिक इमारतें, पुस्तकालय, विद्यार्थियों के छात्रावास, शैक्षणिक व शिक्षणेतर कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं, 1000 सीटों की क्षमता वाला प्रेक्षागृह, मनोरंजन एवं कल्याण केंद्र तथा खेल सुविधाएं मौजूद हैं।
इसमें दो संस्थान हैं। एक सिंबाइऑसिस इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट (एसआईबीएम), जो एमबीए, और बीबीए के पाठ्यक्रम पेश करता है, और दूसरा सिंबाइऑसिस लॉ स्कूल, जो एलएलबी, और बीए, एलएलबी के पाठ्यक्रम पेश करता है।
जेटली ने कहा कि आईटी हब हैदराबाद के पास एक शिक्षा संस्थान स्थापित करना सिंबाइऑसिस का एक बड़ा कदम है। उन्होंने आशा जाहिर की कि जिस तरह पुणे परिसर में 45 विभाग हैं, उसी तरह एसआईयू हैदराबाद में भी ये सारे विभाग खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि सिंबिऑसिस जैसे संस्थान के लिए यह सुनिश्चित कराना महत्वपूर्ण है कि जो ज्ञान हासिल करना चाहते हैं, उन्हें अवसर से वंचित न किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि उन्हें मध्यम दर्जे से आगे निकल कर विशिष्टता हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए।
तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के.टी. रामाराव ने सिंबिऑसिस सेंटर फॉर एंटरप्रन्योरशिप एंड इनोवेशन (एससीईआई) के हैदराबाद चैप्टर का उद्घाटन किया। इसकी स्थापना उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं में नवाचार पैदा करने के लिए की गई है।
एसआईयू के कुलाधिपति एस.बी. मजुमदार ने कहा कि भारत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाले अधिक संस्थान होने चाहिए, जिनसे युवाओं का भविष्य उज्वल बने।
dharmpath.com dharmpath