ज्योतिर्मय डे के नाम से जाना जाएगा मुंबई का चौराहा

मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई के पवई उपनगर में स्थित हीरानंदानी गार्डन्स के व्यस्त चौराहे का नाम दिवंगत पत्रकार ज्योतिर्मय डे के नाम पर रखा जाएगा।

ज्योतिर्मय डे की 11 जून, 2011 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इस चौराहे का उद्घाटन 13 जुलाई को मेयर स्नेहल अंबेकर द्वारा किया जाएगा और इस दौरान कई जाने-माने नेता मौजूद रहेंगे, जिसमें कांग्रेस के वर्तमान विधायक नसीम खान भी शामिल होंगे। इस मौके पर तमाम पत्रकार भी उपस्थित होंगे।

चौराहे का नाम डे के नाम पर रखने की पहल 2013 में मुंबई प्रेस क्लब द्वारा बृहन्मुंबई नगर निगम के साथ की गई।

क्लब के एक पदाधिकारी ओ.पी. तिवारी ने कहा कि क्लब ने हीरानंदानी समूह के चेयरमैन निरंजन हीरानंदानी से संपर्क किया और वह इस प्रस्ताव के लिए मान गए। इसमें स्थानीय नगर निगम के पार्षद चंदन शर्मा ने भी मदद की।

बीएमसी निर्माण समिति के अध्यक्ष कृष्ण पार्कर ने भी इसे यह कहते हुए स्वीकृति दे दी कि असल मायने में यह डे को श्रद्धांजलि होगी।

‘मिड-डे’ के पत्रकार डे (56) की इसी चौराहे के पास माफिया डॉन छोटा राजन द्वारा भेजे गए गुंडों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

वर्तमान में छोटा राजन नई दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है।

नामकरण समारोह के दौरान देश में मीडियाकर्मियों पर बढ़ते हमलों के विषय पर पैनल चर्चा भी होगी।

इस साल से मुंबई प्रेस क्लब ने ‘रेडइंक वीर पत्रकार पुरस्कार’ की शुरुआत की है। इस वर्ष यह सम्मान उत्तर प्रदेश के दिवंगत पत्रकार जगेंद्र सिंह को प्रदान किया गया। पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश के एक दबंग मंत्री के इशारे पर जगेंद्र सिंह को जलाकर मार दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493