मैनचेस्टर, 9 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब लीवरपूल ने जुर्गेन क्लोप के साथ अपने करार को छह साल के लिए बढ़ा लिया है। वह अब 2022 तक लीवरपूल के साथ बने रहेंगे।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, पिछले साल अक्टूबर में नॉर्दर्न आयरलैंड के ब्रेंडन रोजर्स की जगह आए क्लोप ने क्लब को यूरोपा लीग और कैपिटल कप के फाइनल तक पहुंचाया।
लीवरपूल प्रीमियर लीग में भी आठवां स्थान हासिल करने में सफल रही।
इसके अलावा जर्मनी के कोच और उनके सहयोगी जेज्को बुवाक और पीटर क्रावीत्ज ने भी शुक्रवार को लीवरपूल के साथ अपना-अपना करार बढ़ा लिया है।
क्लोप ने कहा, “क्लब के मालिकों और पूरी टीम ने मुझमें, जेज्को और पीटर में जो विश्वास जताया है उससे मिले सम्मान को व्यक्त कर पाना कठिन है। क्लब के साथ हमारा सफर अभी शुरुआती अवस्था में है, लेकिन इस खास जगह इतने मजबूत रिश्ते होना अतुलनीय है।”
टीम के मालिक जॉन हेनरी, चेयरमैन टॉम वेर्नर और एफएसजी अध्यक्ष माइक गोर्डन ने कहा, “जब आपके पास जुर्गेन जैसा क्षमतावान व्यक्ति हो तो ऐसे शख्स को साथ बनाए रखने में ही समझदारी है और ऐसा नहीं करना गैरजिम्मेदाराना रवैया होगा।”
dharmpath.com dharmpath