झांसी, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए पुलिस ने सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से महिला सुरक्षा एवं जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया। झांसी में सप्ताह के समापन मौके पर छात्राओं और युवतियों ने अपने साथ होने वाले शोषण के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लिया।
यहां के आईएमए के सभागार में रविवार को महिला सुरक्षा एवं जागरूकता सप्ताह के समापन का आयोजन ‘जेसीआई झांसी गूंज’ सामाजिक संस्था के साथ किया। इस मौके पर महिला थाना की प्रभारी अर्चना सिंह ने सभी से सजग और सतर्क रहने की अपील की। साथ ही शोषण करने वालों के खिलाफ आवाज उठाने और हेल्पलाइन नंबर 1090 और 100 को सूचना देने की अपील की।
इस मौके पर उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जे.के. शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक देवेश पांडे व सिटी मजिस्टेट सी.पी. तिवारी ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता दासानी ने किया। उन्होंने एक बालिका की बचपन से लेकर महिला तक की समस्याएं एक कविता के जरिए सुनाईं। साथ ही समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों, साइबर क्राइम, घरेलू हिंसा, लैंगिक अपराध, शारीरिक शोषण के बचाव का मेवालाल और पिंकी राजपूत ने प्रशिक्षण दिया। महिलाओं को उनके अधिकारों, बचाव, धाराओं की जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम में जेसी गूंज की अध्यक्ष योगिता अग्रवाल ने बताया कि उनकी संस्था ने पूरे सात दिन विभिन्न स्थानों पर महिलाओं में जागृति लाने का अभियान चलाया। साथ ही उन्हें उनके अधिकार व शोषण से बचने के तरीके बताए।
समापन समारोह में जेसी गूंज संस्था की संस्थापक अध्यक्ष रेखा राठौर, वसुधा प्रेमानी, दीपाली अग्रवाल, आशा कारनानी, सुनीता अग्रवाल, नेहा अग्रवाल, अलीशा नाज, रजनी गुप्ता, अरुणा, उषा सेन उपस्थित रहीं और आभार माला मल्होत्रा द्वारा व्यक्त किया गया।
dharmpath.com dharmpath