झामुमो का निवास नीति के विरोध में प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान

रांची, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड में मुख्य विपक्षी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मंगलवार को प्रदेश की मूल निवास नीति के विरोध में 14 मई को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया।

झामुमो ने प्रदेश बंद का फैसला सोमवार शाम को लिया।

झामुमो नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से कहा, “निवास नीति में प्रदेश के मूलवासियों का अधिकार छीना जा रहा है। रघुबर दास के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाया है। निवास नीति के नाम पर वे लोगों को अलग करना चाहते हैं।”

राज्य सरकार द्वारा सात अप्रैल को जारी नीति के मुताबिक, राज्य में 30 वर्षो से रह रहे लोग ‘झारखंडी’ (स्थायी निवासी) होंगे और उन्हें इस नीति का पूरा लाभ मिलेगा।

इसके अलावा, वह व्यक्ति भी झारखंडी होगा, जिसने झारखंड में जन्म लिया और यहीं से 10वीं कक्षा की परीक्षा पास की। साथ ही किसी व्यक्ति के परिजन का नाम भूमि रिकॉर्ड में दर्ज हो वह भी प्रदेश का मूलवासी होगा।

भाजपा नेतृत्व वाली सरकार ने एक भर्ती नीति की भी घोषणा की है, जिसके मुताबिक तीसरी व चौथी श्रेणी की नौकरियों के लिए भर्ती के दौरान स्थानीय लोगों व स्थानीय भाषाओं को अन्य के मुकाबले प्राथमिकता मिलेगी।

इस निवास नीति का झामुमो व अन्य विपक्षी पार्टियों ने विरोध किया है। भाजपा गठबंधन के घटक ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) ने भी नीति में खामी पाई है।

झामुमो ने कहा कि केवल जमीन का खतियान ही निवास का मापदंड होना चाहिए। आजसू ने अंतिम जमीन खतियान के साथ 10वीं कक्षा की परीक्षा पास करने की अर्हता पर विरोध जताया है।

झामुमो सूत्रों ने कहा कि पार्टी 24 अप्रैल को भी विरोध-प्रदर्शन पर विचार कर रही है, जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड में होंगे और पूरे देश में ग्राम पंचायत (ग्राम परिषद) को संबोधित करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493