रांची, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। झारखंड के डॉक्टर अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में सरकार पर दबाव बनाने के लिए 28 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल पर जाएंगे। उनकी मांगों में मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट (एमपीए) लागू कराना भी शामिल है।
झारखंड स्वास्थ्य सेवा संघ ने गुरुवार को घोषणा की कि उनकी हड़ताल के आह्वान का इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने भी समर्थन किया है। आईएमए का झारखंड चैप्टर 30 सितम्बर को हड़ताल पर रहेगा।
झारखंड स्वास्थ्य सेवा संघ के सचिव विमलेश कुमार ने आईएएनएस को बताया, “हमलोगों ने राज्य के मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं अन्य अधिकारियों को एमपीए लागू करने एवं अन्य मांगें पूरी करने के लिए ज्ञापन दिया है।”
एमपीए लागू करने के अलावा चिकित्सकों ने राज्य सरकार द्वारा नन प्रैक्टिसिंग भत्ता दिए बगैर डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर प्रतिबंध लगाने के कदम का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि काम के घंटे तय हों। उन्होंने बयोमैट्रिक्स उपस्थिति प्रणाली का भी विरोध किया है।
कुमार ने कहा कि यदि हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया था तो हमलोग सामूहिक इस्तीफे का विकल्प चुनेंगे। सभी चिकित्सक 2 अक्टूबर को सामूहिक इस्तीफा देंगे जिन्हें 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath