झारखंड : पत्रकारों को पीटने के लिए 4 पुलिसकर्मी निलंबित

रांची, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस द्वारा कुछ मीडियाकर्मियों की पिटाई के मामले में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस द्वारा मीडियाकर्मियों की पिटाई की घटना रविवार रात पूर्वी सिंहभूम जिले के सीतारामडेरा पुलिस थाने में हुई, जहां पत्रकार भारतीय जनता पार्टी समर्थक बिल्डर की हिरासत के बारे में जानकारी लेने गए थे।

पुलिस वालों की पिटाई के शिकार स्थानीय टीवी चैनल के संवाददाता मनोज सिंह ने कहा, “टीवी पत्रकार वहां घटना की शूटिग कर रहे थे और प्रिंट मीडिया के फोटोग्राफर फोटो खींच रहे थे। पुलिस वालों ने मीडिया वालों को मामले के कवरेज से मना किया और अचानक उन्होंने पत्रकारों पर हमला कर दिया। जबकि हम वहां केवल अपने पेशेवर काम कर रहे थे।” घटना में मनोज सिंह के सिर पर चोट आई है।

मीडियाकर्मी पुलिस थाने में रविवार को एक बिल्डर को हिरासत में लेने के बाद भाजपा समर्थकों द्वारा उसके विरोध की सूचना मिलने पर मामले की कवरेज के लिए गए थे।

वहां झारखंड के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सरजू रॉय अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे और जानना चाहते थे कि पुलिस ने बिल्डर को क्यों हिरासत में लिया है।

उन्होंने कहा कि बिल्डर ने वास्तव में कुछ लोगों के खिलाफ रंगदारी की शिकायत दर्ज कराई थी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन लुटेरों पर कार्रवाई करने के बजाए पुलिस ने शिकायतकर्ता को ही हिरासत में ले लिया।

यह मामला मीडिया वालों के लिए एक ‘अच्छी स्टोरी’ थी और उसी की रपट तैयार करने वे वहां गए थे।

पत्रकारों की मांग पर एक मुख्य हवलदार और तीन अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि मीडियाकर्मी अभी भी थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग कर रहे हैं।

झारखंड पत्रकार संघ ने मामले की निन्दा करते इसमें शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493