रांची, 25 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में एंटी-रोमियो स्क्वाड के बाद अब झारखंड में भी यह दस्ता सक्रिय हो गया है। पुलिस अकारण स्कूलों और कॉलेजों के चक्कर काटने वाले युवकों को सबक सिखा रही है।
झारखंड पुलिस ने शुक्रवार को एक विशेष अभियान शुरू किया। उन्होंने बालिका विद्यालयों तथा महिला कॉलेजों के आसपास का मुआयना किया। इस दौरान कुछ युवकों को पकड़ा गया और थप्पड़ भी मारा गया।
रांची के एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने संवाददाताओं से कहा, “यह अभियान लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया। लड़कों को प्रताड़ित नहीं किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि लड़कियों का किसी भी तरह से उत्पीड़न न किया जाए।”
पुलिस ने रांची तथा राज्य के अन्य हिस्सों में मोबाइल आधारित ‘शक्ति’ एप भी शुरू किया। मुश्किल में फंसी महिलाएं इसके जरिये मदद के लिए संदेश भेज सकती हैं।
जमशेदपुर में गठित एंटी-रोमियो स्क्वाड ने शनिवार को महिला कॉलेजों तथा अन्य संस्थानों के आसपास अभियान चलाया। इस दौरान चार युवकों को हिरासत में भी लिया गया।
युवतियों ने इस कदम पर खुशी जताई है। रांची महिला कॉलेज की छात्रा रूबिका ने कहा, “हमें कॉलेज व कोचिंग संस्थान जाने के दौरान अभद्र टिप्पणियां सुनने को मिलती हैं। उम्मीद है कि इसके जरिये इन सबको रोका जा सकेगा।”
dharmpath.com dharmpath