सीवान, 14 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के सरायकेला-खरसांवा जिले में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में मारे गए सभी 13 व्यक्ति बिहार के सीवान जिले के रहने वाले थे। ये सभी ओडिशा के पुरी से वापस सीवान लौट रहे थे। घटना की खबर मिलते ही सीवान के आंदर बाजार में मातम पसर गया है।
सीवान के पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार साह ने बताया कि झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थानान्तर्गत द्रुदा गांव के नजदीक पिकअप वैन और बस की टक्कर में सीवान के 13 लोगों की मौत हो गई। वे देवघर में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के बाद पुरी गए थे। ये सभी वापस सीवान के आंदर प्रखंड स्थित अपने घर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही आंदर बाजार सहित पूरे सीवान जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य बताए जा रहे हैं।
शंभू प्रसाद उर्फ शंभू साव जहां हादसे में खुद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, वहीं उनकी पत्नी कुसुम, बेटी अन्नू, बेटा दीपू और साले की बेटी प्रीति की मौत हो गई है।
पुलिस अधीक्षक साह ने बताया कि सीवान पुलिस सरायकेला-खरसांवा पुलिस प्रशासन से संपर्क बनाए हुए है। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath