टाटा संस ने एयरएशिया इंडिया में हिस्सेदारी बढ़ाने का प्रस्ताव दिया

मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। टाटा संस ने सोमवार को एयरएशिया इंडिया में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 49 फीसदी करने का प्रस्ताव पेश किया।

टाटा संस के मुताबिक, वह एयरएशिया इंडिया में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर वर्तमान 41.06 फीसदी से 49 फीसदी करना चाहती है।

औद्योगिक समूह ने अपने बयान में कहा, “टाटा संस ने एयरएशिया (इंडिया), टेलेस्ट्रा ट्रेडप्लेस और कंपनी के दो निदेशकों- एस. रामादुरई (अध्यक्ष) और आर. वेंकटरमन के साथ एक समझौता किया है।”

बयान में कहा गया है, “समझौते के तहत टाटा संस टेलेस्ट्रा से 7.94 फीसदी हिस्सेदारी खरीद कर कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 41.06 फीसदी से बढ़ाकर 49 फीसदी करना चाहती है।”

बयान में कहा गया है कि टेलेस्ट्रा की कंपनी में शेष दो फीसदी हिस्सेदारी में से रामादुरई और वेंकटरमन ने व्यक्तिगत रूप से क्रमश: 0.5 फीसदी और 1.5 फीसदी खरीदने का प्रस्ताव रखा है।

बयान के मुताबिक, “एयरएशिया इनवेस्टमेंट की कंपनी में 49 फीसदी हिस्सेदारी बनी रहेगी।”

टाटा संस ने कहा कि उसने 14 मार्च, 2016 को यह समझौता किया है और सभी तरह की मंजूरी मिलने के बाद अप्रैल 2016 तक सौदा पूर्ण हो सकता है।

शुरू में कंपनी में एयरएशिया की 49 फीसदी, टाटा संस की 30 फीसदी और टेलेस्ट्रा ट्रेडप्लेस की 21 फीसदी हिस्सेदारी थी।

गत वर्ष टाटा संस ने टेलेस्ट्रा की 11 फीसदी हिस्सेदारी खरीद कर कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 41 फीसदी कर ली थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493