नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के वित्तमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार ने नगर निगमों के लिए बजटीय आवंटन 1,000 करोड़ रुपये बढ़ाने का फैसला किया है।
सिसोदिया ने विधानसभा में कहा, “दिल्ली के नगर निगमों के लिए गत वर्ष बजटीय आवंटन 5,908 करोड़ रुपये था। बाद में इसे बढ़ाकर 5,999 करोड़ रुपये कर दिया गया। इस साल हमने इसे बढ़ाकर 6,919 करोड़ रुपये करने का फैसला किया है।”
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नियंत्रित नगर निकायों को धन का सही तरीके से उपयोग करने की भी सलाह दी।
उन्होंने कहा, “उम्मीद है कि एमसीडी इस राशि का उपयोग कर्मचारियों को सही समय पर वेतन देने में करेगी। यह जनता का पैसा है और एमसीडी को भ्रष्ट गतिविधियों में इसे खर्च नहीं करना चाहिए।”
वाईफाई परियोजना पर सिसोदिया ने कहा कि सरकार पायलट परियोजनाओं की समीक्ष करेगी और राजधानी में अधिक सक्षम वाईफाई प्रणाली लाएगी।
उन्होंने कहा, “सरकार ने बसों, बुराड़ी में आउटडोर वाईफाई और कुछ एनडीएमसी क्षेत्रों पायलट परियोजना शुरू की है। सरकार पायलट परियोजनाओं के हानि-लाभ का अध्ययन करने के बाद सक्षम वाईफाई प्रणाली लाएगी।”
dharmpath.com dharmpath