ताइपेई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी खलिन जोशी और गगनजीत भुल्लर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को पांच लाख डॉलर इनामी राशि वाले यींगडेर टूर्नामेंट प्लेयर्स चैम्पियनशिप (टीपीसी) के पहले राउंड के बाद क्रमश: संयुक्त तीसरा और संयुक्त नौवां स्थान हासिल किया।
खलिन ने लिंकोऊ इंटरनेशनल गोल्फ एंड कंट्री क्लब में चल रहे टूर्नामेंट के पहले राउंड में चार अंडर 68 का स्कोर हासिल किया, जबकि भुल्लर ने तीन अंडर 69 का स्कोर बनाया।
खलिन शानदार लय में थे और उन्होंने पांच बर्डी और एकमात्र बोगी लगाई। भुल्लर भी पांच बर्डी जमाने में सफल रहे, लेकिन वह दो होल पर चूक गए।
चीनी ताइपे के लिन वेन टैंग ने बिना एक भी शॉट चूके पांच अंडर 67 का स्कोर करते हुए हमवतन हुंग चुन कांग के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया।
एशियन टूर में छह खिताब जीत चुके लिन और दो वर्ष पहले ही पेशेवर गोल्फ में पदार्पण करने वाले कांग ने एक शॉट से बढ़त ले रखी है।
dharmpath.com dharmpath