टीवी चैनल हिंसा की तस्वीरें न दिखाएं : हैदराबाद पुलिस

हैदराबाद, 13 सितंबर (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने शहर के सभी केबल टीवी चैनलों से कहा है कि वे बेंगलुरू में हुई हिंसा की तस्वीरें न दिखाएं, क्योंकि इससे अशांति पैदा हो सकती है।

पुलिस ने गणेशोत्सव और ईद-उल-अजहा त्योहारों के मद्देनजर सभी केबल चैनल/नेटवर्क संचालनों को परामर्श (एडवाइजरी) जारी किया है।

पुलिस आयुक्त महेंद्र रेड्डी ने सभी चैनलों के प्रबंधन से आग्रह किया है कि वे जनता के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यक्रम नियमावली का पालन करें।

रेड्डी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है, “केबल टीवी नेटवर्क्‍स (नियमन) कानून 1995 के कार्यक्रम नियमावली के अनुसार, केबल सेवा से ऐसा कोई भी कार्यक्रम प्रसारित नहीं किया जाएगा जिससे हिंसा को प्रोत्साहन मिलने या भड़कने की आशंका हो या उसमें कोई ऐसी सामग्री हो जो कानून व्यवस्था बनाए रखने के खिलाफ हो।”

कहा गया है, “इसका उल्लंधन करने पर संबंधित प्रबंधन के खिलाफ इस कानून की धारा 16 के तहत कार्यक्रम नियमावली उल्लंघन करने को लेकर मुकदमा चलाया जाएगा।”

यह एडवाइजरी तब जारी की गई, जब चैनलों ने बेंगलुरू में हिंसा की तस्वीरें दिखाईं जिसमें सोमवार को एक व्यक्ति की मौत से संबंधित तस्वीरें भी थीं।

दोनों त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिए परामर्श जारी किया गया है। तीन दिवसीय बकरीद का जश्न मंगलवार से शुरू हुआ, वहीं गणेशोत्सव जुलूस के साथ गुरुवार को संपन्न होगा।

सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील हैदराबाद के पुराना शहर इलाके में लोगों के बीच भरोसा पैदा करने के लिए 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया के जरिए फैलाई जानेवाली अफवाहों पर ध्यान न दें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493