टीवी में बड़ा बदलाव आया है : उमंग जैन

मुंबई, 13 मार्च (आईएएनएस)। अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए कैमरे से दूर हुईं अभिनेत्री उमंग जैन टीवी शो ‘महारक्षक देवी’ से पर्दे पर वापसी कर रही हैं। उनका कहना है कि पिछले आठ सालों में टेलीविजन उद्योग में बड़ा बदलाव आया है।

जीटीवी पर प्रसारित होने जा रहे अपने नए शो के ट्रेलर की लांचिंग के मौके पर उमंग ने यहां मंगलवार को संवाददाताओं को बताया, “पिछले आठ सालों में टीवी में बड़ा बदलाव आया है। कार्यशैली, मूल्य प्रणाली, हर चीज में सकारात्मक बदलाव हुआ है।”

उन्होंने टीवी की गुणवत्ता की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि टीवी बड़े जन माध्यमों में से एक है और लोगों तक पहुंचने का आसान रास्ता है, क्योंकि इसके लिए किसी साक्षरता की जरूरत नहीं होती। देश के ग्रामीण हिस्सों में मल्टीप्लेक्स भले ना हों, लेकिन वहां टीवी निश्चित तौर पर होगा।”

‘लव ब्रेकअप्स जिंदगी’ और ‘शकल पे मत जा’ जैसी फिल्मों में नजर आईं उमंग ने कहा कि नए शो में उनकी भूमिका उनके अभिनय कौशल को साबित करेगी।

उमंग ने कहा, “शो एक लड़की की कहानी है, जो अपनी आंतरिक शक्तियों का एहसास कर बुराइयों के खिलाफ लड़ती है। यह मेरे लिए बहुत चुनौतीपूर्ण था। लोगों ने मुझे संवेदनशील भूमिका में देखा है। इस भूमिका में बतौर कलाकार मुझे अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिला है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493