टी-20 विश्व कप : अफ्रीकी बल्लेबाजों का धमाल, इंग्लैंड को 230 रनों का लक्ष्य (लीड-1)

मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए आईसीसी टी-20 विश्व कप के ग्रुप-1 के मैच में 20 ओवर में चार विकेट खोकर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है।

टीम के लिए सबसे ज्यादा रन हाशिम अमला (58) ने बनाए। उनके अलावा क्विंटन डी कॉक (52) और जॉन पॉल ड्यूमिनी (54) ने अर्धशतकीय पारी खेली।

टॉस हराकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को कॉक और अमला ने तेज शुरुआत दी। पहले ओवर में महज दो रन आए थे लेकिन कॉक ने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे जता दिए। इसके बाद दोनों खिलाड़ी रुके नहीं और चौथे ओवर में ही टीम को 50 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 96 रन जोड़े। कॉक को मोइन अली ने हेल्स के हाथों कैच करा पवेलियन भेजा। कॉक ने अपनी पारी में 24 गेंदों का सामना करते हुए तीन छक्के और सात चौके लगाए।

इसके बाद डिविलियर्स आठ गेंदों में 16 रनों की छोटी लेकिन तेज पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। दक्षिण अफ्रीका का तीसरा विकेट अमला के रूप में गिरा। खतरनाक अमला को मोइन अली ने पवेलियन भेजा। उन्होंने 31 गेंद की पारी में तीन छक्के और सात चौके लगाए।

अंतिम ओवरों में ड्यूमिनी ने 28 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की सहायता से नाबाद 54 रनों और डेविड मिलर ने 12 गेंदों में दो छक्के और इतने ही चौकों की मदद से नाबाद 28 रनों की पारी खेल टीम को 229 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

इंग्लैंड की तरफ से मोइन अली ने दो विकेट लिए। डेविड विले और आदिल राशिद को एक-एक विकेट मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493