मियामी, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के टेनिस स्टार रोजर फेडरर ने मियामी ओपन के पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के निक किर्जियोस को हरा कर फाइनल में जगह बना ली।
फेडरर ने किर्जियोस को सेमीफाइनल मुकाबले में 7-6 (11-9) 6-7 (9-11) 7-6 (7-5) से मात दी।
फाइनल में फेडरर का सामना स्पेन के राफेल नडाल से होगा। यह दोनों खिलाड़ी आस्ट्रेलियन ओपन-2017 के फाइनल में आमने-सामने हुए थे, जहां फेडरर ने स्पेनिश खिलाड़ी को मात देते हुए अपना 18वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था।
फेडरर की कोशिश नडाल को एक बार फिर पस्त कर मियामी ओपन का खिताब जीतने की होगी। उन्होंने आखिरी बार 2006 में यह टूर्नामेंट जीता था।
नडाल ने सेमीफाइनल में इटली के फाबियो फोगनिनि को 6-1 7-5 से मात देते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फोगनिनि इस टूर्नामेंट के पिछले 10 साल के इतिहास में पहले ऐसे गैरवरीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने अंतिम चार में जगह बनाई हो।
सेमीफाइनल जीतने के बाद नडाल ने कहा, “मेरे लिए फाइनल में पहुंचना बड़ी बात है। मैं एक और बड़े टूर्नामेंट के एक और फाइनल में खेलने को लेकर उत्सुक हूं।”
नडाल ने कहा, “फाइनल में फेडरर हैं। यह हम दोनों के बीच होने वाला एक और मुकाबला है।”
dharmpath.com dharmpath