टेलीविजन कलाकार संजीत बेदी नहीं रहे

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। टेलीविजन धारावाहिक ‘संजीवनी’ में डॉक्टर ओमी की भूमिका से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता संजीत बेदी नहीं रहे। यह जानकारी उनके मित्र अभिनेता करणवीर बोहरा ने दी।

संजीत का बुधवार सुबह निधन हो गया। उनकी उम्र 35-40 साल के बीच थी। वह दिमाग संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे।

टीवी धारावाहिक ‘कसौटी जिंदगी की’ में नजर आने वाले बोहरा ने बताया कि संजीत बीमार थे और पिछले डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती थे।

करणवीर ने आईएएनएस को मुंबई से फोन पर बताया, “वह (संजीत) डेढ़ महीने से बंबई हॉस्पीटल में आईसीयू में भर्ती थे। पिछले डेढ़ साल से वह दिमाग संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उन्होंने बुधवार सुबह आखिरी सांस ली।”

संजीत ने ‘जाने क्या बात हुई’, ‘थोड़ी सी जमीं थोड़ा सा आसमां’ और ‘क्या होगा निम्मो का’ जैसे धारावाहिकों में काम किया था। संजीत के परिवार में उनकी पत्नी हैं।

करणवीर ने कहा, “हम ‘कसौटी..’ से एक-दूसरे को जानते थे और एक-दूसरे के बेहद करीब थे। वह जिंदगी से भरपूर इंसान थे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493